‘मेरे सपनों का भारत’ में दिखी विद्यार्थियों की प्रतिभा, 9 छात्र सम्मानित,44 विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
देवरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमुनिया चिखली में भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता, मॉडल प्रदर्शनी और उमंग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केसली तहसील की एसडीएम श्रीमती राजनंदनी शर्मा एवं सहायक संचालक शिक्षा सुश्री रूपल जैन विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आयोजित प्रतियोगिताओं में 44 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 9 विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। छात्र शिवाजी राव आदिवासी ने विकसित भारत की संकल्पना पर नाट्य प्रस्तुति दी। वहीं कक्षा 10वीं की छात्रा खुशी कोरी ने सोलर एनर्जी आधारित मॉडल प्रस्तुत किया, जिसका चयन जिले में भेजने के लिए किया गया।
कक्षा 12वीं की छात्रा रिया गोंड ने अधिकारियों का ब्लड ग्रुप परीक्षण कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थी अनिरुद्ध पचौरी का जन्मदिन भी विद्यालय परिवार ने एसडीएम की उपस्थिति में मनाया। इस पहल ने विद्यार्थियों के बीच समानता, अपनापन और संवेदनशीलता का संदेश दिया।
एसडीएम राजनंदनी शर्मा ने विद्यार्थियों को निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए विद्यालय के औषधीय गार्डन और तड़ित चालक का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में सेवा संकल्प की शपथ दिलाने के साथ ‘उमंग कॉर्नर’ का उद्घाटन भी किया गया।
कार्यक्रम में सरपंच प्रशांत यादव, नायब तहसीलदार यशवंत सिंह, पूर्व बीईओ एवं नोडल अधिकारी मनोज जैन, विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संचालन नरेश यादव ने किया। अंत में प्राचार्य भरत सिंह राजपूत ने आभार व्यक्त किया।


