NSS स्थापना दिवस पर विद्यार्थियों ने किया श्रमदान, पौधों के संरक्षण के साथ स्वच्छ परिसर का दिया संदेश
देवरी। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्थापना दिवस के अवसर पर पंडित ब्रजकिशोर पटेरिया महाविद्यालय (BKP कॉलेज), देवरी में विभिन्न सामाजिक एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अधिकारी श्री संतोष तिवारी के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत संगोष्ठी से हुई। इसमें महाविद्यालय के व्याख्याता श्री शिवम शर्मा ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, सामाजिक सरोकारों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि NSS केवल सेवा गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक सहभागिता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
इसके बाद छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय के स्टॉफ के साथ सामूहिक रूप से श्रमदान किया। परिसर में स्वच्छता अभियान चलाते हुए पूर्व में रोपे गए पौधों के आसपास साफ-सफाई की गई। साथ ही पौधों के संरक्षण के लिए उनके चारों ओर सुरक्षा घेरे बनाए गए। विद्यार्थियों ने स्वच्छ परिसर और हरित पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर पंडित ब्रजकिशोर पटेरिया महाविद्यालय के संचालक डॉ. अवनीश मिश्रा ने सेवा संकल्प अभियान एवं विकसित भारत @2047 के संदर्भ में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में किए जाने वाले छोटे-छोटे प्रयास ही व्यापक परिवर्तन का आधार बनते हैं।
सेवा संकल्प अभियान के तहत जारी हैं गतिविधियां
उल्लेखनीय है कि BKP कॉलेज में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न प्रतियोगिताओं, जागरूकता कार्यक्रमों एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के प्रति जागरूक करने के साथ सेवा भावना और सामाजिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त स्टॉफ, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


