ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

सोशल मीडिया पर हथियार दिखाने वालों की खैर नहीं, कैंट पुलिस ने की कार्रवाई

सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन पड़ा भारी, कैंट पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को दबोचा

सागर | एमपी हिंदी न्यूज

सागर में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो शेयर कर कथित तौर पर लोगों में भय का माहौल बनाने वाले युवक पर कैंट पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने सोशल मीडिया निगरानी के दौरान युवक की पहचान कर उसे कजलीवन मैदान के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लोहे का धारदार बटनदार चाकू बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक युवक के हथियारों के साथ फोटो एवं वीडियो शेयर करने की जानकारी सामने आई।

जांच के बाद आरोपी की पहचान हर्ष पिता सीताराम राय, उम्र 19 वर्ष, निवासी शिवाजी चौक के पास, थाना कैंट, सागर के रूप में हुई। पुलिस टीम ने तलाश कर उसे कजलीवन मैदान के पास पकड़ा और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार बटनदार चाकू बरामद किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कैंट में धारा 25(1-बी) आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर

कैंट पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों के प्रदर्शन, आपत्तिजनक पोस्ट, फोटो और वीडियो पर लगातार निगरानी कर रही है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए भय का माहौल बनाने या आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों पर नजर रखकर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

एक ही दिन में दूसरी महत्वपूर्ण कार्रवाई

थाना कैंट पुलिस ने इसी क्रम में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ एक ही दिन में दूसरी महत्वपूर्ण कार्रवाई भी की। पुलिस के मुताबिक संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर लगातार निगरानी और तत्काल कार्रवाई का सिलसिला जारी है।

सागर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय उत्पन्न करने वाले या आपत्तिजनक गतिविधियों में शामिल लोगों की जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

सराहनीय भूमिका: थाना प्रभारी कैंट रोहित डोंगरे, सहायक उप निरीक्षक माधव, प्रधान आरक्षक ब्रजेंद्र गौतम, आरक्षक प्रदीप शर्मा, आशीष यादव, सृजन तिवारी, भानु एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।