हत्या/मारपीट के मामले में आरोपी दबोचा, स्थायी व गिरफ्तारी वारंटी भी पकड़े; छेड़छाड़ के प्रकरण में त्वरित कार्रवाई
देवरी। फरार आरोपियों एवं न्यायालयीन वारंटियों की धरपकड़ के अभियान के तहत थाना देवरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या/मारपीट के प्रकरण में करीब दो माह से फरार आरोपी शरद पिता महेश यादव, उम्र 25 वर्ष को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे उपजेल रहली भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार थाना देवरी के अपराध क्रमांक 154/2026 में धारा 296(बी), 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस तथा इजाफा धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज है। आरोपी करीब दो माह से फरार था, जिसे पुलिस टीम ने तलाश कर गिरफ्तार किया।
इसी अभियान में आबकारी प्रकरण में स्थायी वारंट लंबित होने पर नीलेश उर्फ मन्नू पिता राजाराम रैकवार, उम्र 26 वर्ष, निवासी शंकरगढ़, शाहगढ़ को गिरफ्तार किया गया। वहीं गिरफ्तारी वारंटी सतीश पिता संत रैकवार, निवासी मोकलपुर को भी पुलिस ने पकड़ा। दोनों मामलों में आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ के एक प्रकरण में भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे उपजेल रहली भेज दिया गया। थाना प्रभारी हरिराम मानकर बताया फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ का अभियान आगे भी जारी रहेगा।


