ग्राम सुना में दर्दनाक हादसा, खेत में करंट की चपेट में आई 55 वर्षीय महिला
देवरी। देवरी थाना अंतर्गत ग्राम सुना निवासी 55 वर्षीय प्रेमरानी कुर्मी की खेत में करंट लगने से मौत हो गई। पुत्र कृष्ण कर्मी ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 8 बजे उसकी मां ग्राम बीजागौर स्थित अपने खेत में मिर्च तोड़ने के लिए गई थीं। करीब 9 बजे जब वह खेत पर पहुंचा तो उसकी मां विद्युत तार में चिपकी हुई बेहोशी की हालत में पड़ी मिलीं।
कृष्ण कर्मी ने खेत के पड़ोसी भगवान सिंह कुर्मी को आवाज देकर बुलाया। इसके बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग भी मौके पर पहुंचे और विद्युत तार का कनेक्शन हटाया। परिजन एवं ग्रामीण प्रेमरानी को शासकीय अस्पताल देवरी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना देवरी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


