ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

मोगली उत्सव में केसली की प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन, जिला स्तर पर दूसरा स्थान

जमुनिया चिखली के छात्र चंद्रशेखर सेन ने बढ़ाया विद्यालय और विकासखंड का मान, सीमित संसाधनों के बीच हासिल की उल्लेखनीय सफलता

केसली। ग्रामीण अंचल में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें अवसर और सही मार्गदर्शन देने की। इसका शानदार उदाहरण जिला स्तरीय मोगली उत्सव प्रतियोगिता में केसली विकासखंड की टीम ने पेश किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमुनिया चिखली के छात्र चंद्रशेखर सेन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, विकासखंड केसली और क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।

चंद्रशेखर सेन ने इससे पहले विकासखंड स्तरीय मोगली उत्सव प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इस प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में केसली विकासखंड का प्रतिनिधित्व किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सागर की टीम ने प्रथम और केसली विकासखंड की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

सीमित संसाधनों के बीच प्रतिभा ने दिखाई अपनी ताकत

प्रतियोगिता के नोडल शिक्षक अरुण कुमार दुबे ने बताया कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमुनिया चिखली ग्रामीण एवं सुविधाओं की दृष्टि से पिछड़े क्षेत्र में स्थित है। ऐसे क्षेत्र में सीमित संसाधनों और सुविधाओं के बावजूद विद्यार्थियों का जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थी की मेहनत, प्रतिभा और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। मोगली उत्सव जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं।

विद्यालय परिवार ने दी बधाई

छात्र की उपलब्धि पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी रूपल जैन एवं विद्यालय के प्राचार्य भरत सिंह राजपूत ने चंद्रशेखर सेन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों की प्रतिभा पर उन्हें पूरा विश्वास था और विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत एवं प्रतिभा के दम पर इसे साबित भी किया है।विद्यालय परिवार ने चंद्रशेखर सेन की इस उपलब्धि को पूरे विद्यालय और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।