ब्रिज क्रॉसिंग के दौरान बस ने कार को मारी टक्कर, चालक-परिचालक मौके से फरार
देवरी। मध्यप्रदेश के सागर जिले के देवरी में शनिवार देर शाम नेशनल हाईवे-44 पर सड़क हादसा हो गया। सागर से देवरी की ओर आ रही अमरदीप कंपनी की बस ने मीरा ढाबा के पास सर्विस रोड पर जा रही एक कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार बस ब्रिज के नीचे से गुजर रही थी। इसी दौरान ब्रिज की क्रॉसिंग के दौरान सर्विस रोड पर आ रही कार से बस की टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के साथ ही बस भी घटनास्थल पर खड़ी रही।
हादसे के बाद चालक-परिचालक बस छोड़कर भागे
हादसे के बाद बस के चालक और परिचालक द्वारा बस को मौके पर छोड़कर चले जाने की बात सामने आई है। इसके चलते बस में सवार यात्रियों के बीच भी कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति रही।
घटना की सूचना मिलते ही देवरी थाना पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए हादसे से संबंधित जानकारी जुटाई।
फिलहाल देवरी पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना के संबंध में स्थिति और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।


