ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

, , ,

सेवा संकल्प अभियान के तहत नेहरू महाविद्यालय में फिट इंडिया, योग एवं ध्यान कार्यक्रम आयोजित

‘पहला सुख निरोगी काया’, सेवा संकल्प अभियान में योग और ध्यान से जोड़ा गया विद्यार्थियों को

 

देवरी। विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और एकाग्र बनाने के उद्देश्य से शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, देवरी में सेवा संकल्प अभियान के तहत 8, 9 एवं 10 अक्टूबर को फिट इंडिया, योग एवं ध्यान कार्यक्रम आयोजित किए गए। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने और मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश दुबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे ऋषि-मुनियों ने ‘पहला सुख निरोगी काया’ का संदेश दिया है। शरीर और मन स्वस्थ रहेंगे, तभी व्यक्ति अपनी क्षमताओं का बेहतर उपयोग कर सकेगा और देश की प्रगति में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे पाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित रूप से योग एवं व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की प्रेरणा दी।

सेवा संकल्प अभियान के प्रभारी डॉ. जी.आर. चौहान ने कहा कि फिटनेस का अर्थ केवल जिम जाना या शारीरिक कसरत करना नहीं है, बल्कि शारीरिक सुदृढ़ता के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर विद्यार्थी अपने व्यक्तित्व का समग्र विकास कर सकते हैं।

 

महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने विद्यार्थियों को विभिन्न खेल गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने शारीरिक फिटनेस के लिए नियमित खेलकूद और व्यायाम के महत्व पर प्रकाश डाला।

वहीं, महाविद्यालय के अतिथि विद्वान विनोद सोनी ने योग एवं ध्यान की उपयोगिता बताते हुए कहा कि ध्यान हमारे बिखरे हुए विचारों को एकाग्र करने का प्रभावी माध्यम है। नियमित ध्यान से मानसिक एकाग्रता बढ़ाने और विचारों को व्यवस्थित करने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम में शिवलाल अहिरवार, भगवत सिंह पटेल, डॉ. राजेन्द्र कुमार नागेश, डॉ. भूपेन्द्र कुमार, अरविन्द सेन, अबरार खान, गुलाब चौरसिया सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।