अवैध शराब के कारोबार पर हर्ष यादव का प्रहार, बोले- जिम्मेदारों पर हो कठोर कार्रवाई
सागर जिले के बंडा विधानसभा के शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब से 11 लोगों की मौत की खबर ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। इस घटना को लेकर देवरी विधानसभा से पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने गहरा दुख जताते हुए अवैध शराब के कारोबार पर सवाल उठाए हैं।
हर्ष यादव ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से वे अवैध शराब और नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ लगातार आवाज उठाते रहे हैं। समय-समय पर प्रशासन और सरकार को इस गंभीर समस्या से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग भी की गई, लेकिन इसके बावजूद यदि अवैध शराब का कारोबार बेखौफ जारी है तो यह शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि बंडा विधानसभा क्षेत्र के शाहगढ़ के बरा पुलिस चौकी क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना है। कई परिवारों ने अपने अपनों को खो दिया है, जिनका दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
पूर्व मंत्री ने कहा कि यह केवल एक हादसा नहीं, बल्कि अवैध शराब के निर्माण, सप्लाई और उसे रोकने वाली व्यवस्था की गंभीर विफलता का सवाल है। यदि अवैध शराब का कारोबार किसी भी स्तर पर राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण में फल-फूल रहा है, तो इसकी निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
हर्ष यादव ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने की मांग की है। साथ ही जहरीली शराब के निर्माण और सप्लाई से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होना आवश्यक है।


