रक्षाबंधन से पहले लंबित भुगतान की मांग, प्रभारी सीईओ और एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
देवरी : एमपी हिंदी न्यूज़,त्रिवेंद्र जाट
जनपद पंचायत देवरी के ग्राम रोजगार सहायक संघ ने लंबित मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं एसडीएम देवरी को ज्ञापन सौंपा। रोजगार सहायकों ने कहा कि वे अल्प मानदेय पर शासन-प्रशासन के निर्देशों के अनुसार लगातार कार्य कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनका भुगतान लंबित है।
संघ के अनुसार, त्योहारों से पहले कर्मचारियों के वेतन-मानदेय का भुगतान किए जाने के निर्देश होने के बावजूद ग्राम रोजगार सहायकों को अब तक मानदेय नहीं मिला है। रोजगार सहायकों का आरोप है कि अन्य जनपदों में उपलब्ध राशि से कर्मचारियों के भुगतान किए गए हैं, जबकि देवरी में उनके लिए फंड उपलब्ध नहीं होने की बात कही जा रही है।
ज्ञापन में रोजगार सहायकों ने मनरेगा स्टाफ के वेतन भुगतान के लिए उपलब्ध राशि का उपयोग किए जाने के बाद ग्राम रोजगार सहायकों के मानदेय के लिए फंड समाप्त होने की स्थिति पर भी सवाल उठाए हैं।
संघ ने मांग की है कि रक्षाबंधन से पहले लंबित मानदेय का भुगतान उनके बैंक खातों में कराया जाए। साथ ही ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी गई है कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो 1 सितंबर 2026 से सभी ग्राम रोजगार सहायक हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगे। रोजगार सहायकों ने कहा कि हड़ताल की स्थिति बनने पर इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।ज्ञापन देने के दौरान बड़ी संख्या में रोजगार सहायक उपस्थित रहे है।


