उमरखोह की बदहाल तस्वीर, सड़क और बिजली के लिए ग्रामीणों का ज्ञापन
देवरी: एमपी हिंदी न्यूज
सागर जिले की जनपद पंचायत देवरी के अंतर्गत आने वाला पूर्णतः आदिवासी बाहुल्य ग्राम उमरखोह आज भी सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रहा है। समस्याओं से परेशान ग्रामीणों ने देवरी अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से उमरखोह से राष्ट्रीय राजमार्ग-44 स्थित नीमघाटी तक सड़क निर्माण कराने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं होने से गांव तक आवागमन बेहद मुश्किल है। बारिश के मौसम में परेशानी और बढ़ जाती है।
सड़क की कमी का असर सबसे ज्यादा स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। वहीं ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम और जरूरी सुविधाओं के लिए भी परेशानी उठानी पड़ती है।
ग्रामीणों ने गांव में विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की है। उनका कहना है कि बिजली नहीं होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और ग्रामीणों के दैनिक कार्य भी मुश्किल हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने एसडीओ से सड़क निर्माण और विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की मांग की है, ताकि उमरखोह के लोगों को सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके।


