ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

,

सागर में राखी बाजार की दुकान में करंट से दुकानदार की मौत, त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं

सागर:एमपी हिंदी न्यूज़।

कटरा बाजार स्थित नमक मंडी क्षेत्र में रक्षाबंधन पर्व की तैयारियों के बीच शनिवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। राखी की अस्थाई दुकान तैयार करते समय करंट की चपेट में आने से 45 वर्षीय व्यापारी विजय जैन उर्फ कक्का जी की मौत हो गई। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और त्योहार की तैयारियों के बीच मातम का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, बड़ा बाजार क्षेत्र के चमेली चौक निवासी विजय जैन ने रक्षाबंधन पर्व को लेकर नमक मंडी में राखी की अस्थाई दुकान लगाई थी। दुकान लोहे के टेंट में तैयार की जा रही थी। इसी दौरान दुकान में लगे बिजली के वायर में कट होने या बिजली लाइन के संपर्क में आने से करंट फैल गया। इसकी चपेट में आने से विजय जैन गंभीर रूप से झुलस गए। बताया जा रहा है कि करंट आसपास की दो से तीन अस्थाई दुकानों तक भी फैल गया था।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने विजय जैन को तत्काल उपचार के लिए भाग्योदय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया।

कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में करंट लगने से दुकानदार की मौत की बात सामने आई है। घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

इधर, हादसे के बाद बाजार के व्यापारियों में चिंता और आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन में बड़ी संख्या में अस्थाई दुकानें लगती हैं, ऐसे में बिजली कनेक्शन, वायरिंग और सुरक्षा व्यवस्था की पर्याप्त जांच जरूरी है। हालांकि, करंट फैलने की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।