ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

गणेश उत्सव को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में बनी व्यवस्थाओं पर सहमति

Author Picture
Published On: September 14, 2026

कानून-व्यवस्था, यातायात, जुलूस और प्रतिमा विसर्जन को लेकर हुई चर्चा; सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

गौरझामर। गिरीश शर्मा

आगामी गणेश उत्सव एवं पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को थाना परिसर गौरझामर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि, गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्र के अन्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी धार्मिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, धार्मिक जुलूस तथा गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन ने आयोजन समितियों से शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।

थाना प्रभारी नासिर फारूकी ने कहा कि धार्मिक आयोजन आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश देने वाले होते हैं। इसलिए सभी लोग आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा विवाद की स्थिति उत्पन्न न होने दें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न दिया जाए तथा किसी भी स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें।

बैठक में जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस प्रशासन की ओर से आयोजन समितियों से अपील की गई कि जुलूस एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान यातायात बाधित न हो, इसके लिए निर्धारित व्यवस्थाओं और निर्देशों का पालन किया जाए। इसी तरह प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी सुरक्षा एवं व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने की बात कही गई।

अधिकारियों ने कहा कि गणेश उत्सव श्रद्धा और आस्था का पर्व है। इसे सभी वर्गों के लोग मिल-जुलकर, शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के साथ मनाएं, यही आयोजन की सार्थकता है। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आयोजन समितियों और नागरिकों से पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की गई।

बैठक में मौजूद गणमान्य नागरिकों एवं गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। बैठक के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति, सद्भाव और व्यवस्थित आयोजन को प्राथमिकता दी जाएगी।