रेड क्रॉस इकाई ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम
देवरीकलां। मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग भोपाल के निर्देशानुसार शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय देवरी में बुधवार, 23 सितंबर को रेड क्रॉस इकाई द्वारा सेवा संकल्प अभियान की श्रृंखला के अंतर्गत मातृत्व स्वास्थ्य एवं जनकल्याण जागरूकता विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. मनीषा पांडे ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा सरकार द्वारा स्वास्थ्य और मातृत्व से जुड़े क्षेत्रों में उठाए जा रहे कदमों की जानकारी रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश दुबे ने की। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति देश को नई दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है, इसलिए महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता आवश्यक है।
रेड क्रॉस इकाई के प्रभारी संतोष मिश्रा ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपने विचार साझा किए और विद्यार्थियों को जनकल्याण एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विषयों के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर डॉ. जी.आर. चौहान, शिवलाल अरिहवार, डॉ. मनोज मिश्रा, डॉ. मनीषा पांडे, डॉ. विनोद सोनी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


