बारिश में कीचड़ और फिसलन से आवागमन प्रभावित, सड़क की जल्द मरम्मत की मांग
केसली: प्रदीप पांडे
हर घर तक नल के जरिए पानी पहुंचाने की योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन के लिए खोदी गई सड़क दो महीने बाद भी दुरुस्त नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। मामला ग्राम पंचायत केसली के वार्ड क्रमांक 19 का है, जहां नल-जल योजना की लाइन डालने के बाद सड़क को अब तक व्यवस्थित नहीं किया गया है।
वार्डवासियों के अनुसार, करीब दो माह पहले नल-जल योजना के तहत सड़क की खुदाई कर पाइपलाइन बिछाई गई थी। काम पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं होने से रास्ता बदहाल स्थिति में पड़ा है। बारिश के दिनों में यहां कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनने से पैदल आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने संबंधित ठेकेदार से कई बार सड़क को ठीक कराने का आग्रह किया, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उनका कहना है कि सड़क की मौजूदा स्थिति के कारण बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को विशेष रूप से दिक्कत हो रही है।
शीघ्र मरम्मत की मांग
लगातार दो महीने से सड़क की मरम्मत नहीं होने से वार्डवासियों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और ठेकेदार से मांग की है कि नल-जल योजना के लिए खोदी गई सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कर आवागमन सुचारु कराया जाए, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को हो रही परेशानी से राहत मिल सके।


