श्राद्ध पक्ष शुरू, पितरों के स्मरण और तर्पण का हुआ शुभारंभ
देवरी: हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व रखने वाले श्राद्ध पक्ष का शनिवार से शुभारंभ हो गया। पितृ पक्ष के प्रथम दिन लोगों ने अपने दिवंगत पूर्वजों का श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए तर्पण, पिंडदान एवं पूजन-अर्चन किया। घरों में विधि-विधान से श्राद्ध कर्म संपन्न कर पितरों की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की गई।
श्राद्ध पक्ष को पितरों के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और स्मरण का पर्व माना जाता है। इस दौरान परिवार के दिवंगत सदस्यों का स्मरण कर उनके निमित्त तर्पण, श्राद्ध, दान-पुण्य एवं अन्य धार्मिक कर्म किए जाते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पितृ पक्ष में श्रद्धापूर्वक किए गए श्राद्ध एवं तर्पण से पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
प्रमुख घाटों पर पहुंचे श्रद्धालु
श्राद्ध पक्ष के प्रथम दिन सुबह से ही देवरी के प्रमुख घाटों लालाजी घाट, कतकया घाट और रामघाट पर श्रद्धालु पहुंचे। लोगों ने स्नान आदि के बाद अपने पितरों का स्मरण किया और पुरोहितों के मार्गदर्शन में विधि-विधान से तर्पण एवं श्राद्ध कर्म संपन्न किए।
कई परिवारों द्वारा जरूरतमंदों को भोजन कराया गया तथा अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-पुण्य भी किया गया। घाटों पर सुबह से ही धार्मिक गतिविधियों के चलते श्रद्धा और आस्था का वातावरण नजर आया।
श्राद्ध पक्ष के प्रारंभ होते ही देवरी नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी धार्मिक वातावरण देखने को मिला। आने वाले दिनों में निर्धारित तिथियों के अनुसार परिवार अपने दिवंगत पूर्वजों का श्राद्ध, तर्पण एवं अन्य धार्मिक कर्म संपन्न करेंगे।


