देवरी। मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल, देवरी में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। तिरंगे की शान, देशभक्ति के गीत और विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों से पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य डॉ. हेमलता रिछारिया के स्वागत से हुआ। इसके बाद दीप प्रज्वलन और ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के निदेशक आयुष साहू एवं पियूष साहू, प्राचार्य अर्पित वैद्य, व्यवस्थापक हरिओम विश्वकर्मा, PRO एवं मार्केटिंग एक्सपर्ट मनोज सिंह, अश्विनी श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
मार्च पास्ट ने बढ़ाया जोश
ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों ने अनुशासन और जोश के साथ मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। इसके बाद शुरू हुई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
कक्षा 8 की छात्राओं ने ‘आयो रे शुभ दिन आयो रे’, कक्षा 4 एवं 5 की छात्राओं ने ‘ऐसा देश है मेरा’ और कक्षा 6 की छात्राओं ने ‘ओ देश मेरे’ पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं कक्षा 6 एवं 7 के विद्यार्थियों ने शहीद भगत सिंह पर आधारित नाट्य प्रस्तुति देकर स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष और बलिदान को जीवंत कर दिया।
कक्षा 7 की छात्राओं ने ‘मैं रहूं या ना रहूं’ पर प्रस्तुति दी, जबकि कक्षा 10 एवं 11 के विद्यार्थियों के वाद्यवृंद ऑर्केस्ट्रा ने पूरे समारोह को संगीतमय बना दिया।
‘शिक्षा से ही मजबूत होगा राष्ट्र’ का दिया संदेश
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. हेमलता रिछारिया, मनोज सिंह एवं प्राचार्य अर्पित वैद्य ने प्रेरणादायी उद्बोधन दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के महत्व से अवगत कराया।
वक्ताओं ने कहा कि देश का भविष्य विद्यार्थियों के हाथों में है और शिक्षा के माध्यम से ही जिम्मेदार नागरिक एवं मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षक मयंक जैन ने आभार व्यक्त करते हुए मुख्य अतिथि, अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार का धन्यवाद किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों की भावना को मजबूत किया। समारोह विद्यालय परिवार के लिए गर्व और उत्साह का अवसर रहा।


