ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

रहली में ऑडिटोरियम निर्माण स्थल से सरिए चोरी, पुलिस ने 3 आरोपियों और बाल अपचारी को पकड़ा

करीब 30 हजार रुपए के लोहे के सरिए बरामद, चोरी में इस्तेमाल ऑटो भी जब्त

रहली/सागर। रहली थाना पुलिस ने ऑडिटोरियम निर्माण स्थल से लोहे के सरिए चोरी होने के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों और एक अपचारी बालक को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 30 हजार रुपए कीमत के चोरी गए लोहे के सरिए बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल तीन पहिया ऑटो को भी जब्त किया गया है।

निर्माण स्थल से गायब मिले थे सरियों के चार बंडल

पुलिस के अनुसार, गढ़ाकोटा निवासी कपिल सेन ने 23 अगस्त को रहली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि कॉलेज के पास ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य चल रहा है और वह वहां सुपरवाइजर के रूप में काम करता है। निर्माण स्थल पर लोहे के सरिए, सीमेंट और सेंटिंग सामग्री खुले स्थान पर रखी थी।

23 अगस्त को निर्माण स्थल पहुंचने पर सरियों के चार बंडल गायब मिले। आसपास पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि 22 अगस्त की रात करीब 9 बजे कुछ लोग एक तीन पहिया ऑटो में लोहे के सरिए ले जाते हुए देखे गए थे। चोरी गए सरियों पर लाल पेंट से पहचान के निशान भी लगाए गए थे।फरियादी की रिपोर्ट पर रहली थाने में अपराध क्रमांक 578/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने फरियादी और गवाहों के बयान दर्ज किए और चोरी गए सरियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से संदिग्धों के संबंध में सूचना मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों और एक अपचारी बालक को पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों की पहचान लोकेश पटेल निवासी ग्राम तिखी, तरुण राजगीर निवासी कासल पिपरिया और सोनू अहिरवार निवासी बरखेड़ा वार्ड क्रमांक-5, रामनगरी, रहली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने 22 अगस्त की रात ऑटो क्रमांक MP-15-LA-4340 से निर्माण स्थल से सरिए चोरी करना स्वीकार किया।

सरिए और ऑटो बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 30 हजार रुपए कीमत के चोरी किए गए लोहे के सरिए बरामद किए। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल ऑटो भी जब्त किया गया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं अपचारी बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी और एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय ऋषिश्वर के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक जीपी अहिरवार, प्रधान आरक्षक जगदीश, आरक्षक मुकेश राठौर, राहुल, जितेंद्र प्यासी और चालक आरक्षक सुनील का विशेष योगदान रहा।