ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

, ,

जमुनिया चिखली के विद्यार्थियों का कमाल, प्रोजेक्ट देख कमिश्नर-कलेक्टर ने की तारीफ

विद्यार्थियों के नवाचार ने जीता अधिकारियों का दिल, कमिश्नर-कलेक्टर ने थपथपाई पीठ

जनविश्वास शिविर में जमुनिया चिखली विद्यालय के कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों ने किया प्रभावशाली प्रोजेक्ट प्रस्तुत

 

केसली। प्रतिभा, नवाचार और आत्मविश्वास के दम पर ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों ने अपनी अलग पहचान बनाई है। सागर जिले के केसली विकासखंड में आयोजित जनविश्वास शिविर में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमुनिया चिखली के कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण कर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों के प्रयासों से प्रभावित संभागीय आयुक्त एवं जिला कलेक्टर ने उनकी सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया।

शिविर में विभिन्न गतिविधियों के बीच विद्यालय के विद्यार्थियों का प्रोजेक्ट आकर्षण का केंद्र रहा। कक्षा 9वीं के छात्र शिवाजी गोंड एवं अन्य छात्राओं ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने प्रोजेक्ट को अधिकारियों के सामने प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति और उसे समझाने के तरीके ने अधिकारियों को प्रभावित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी तरह रचनात्मक गतिविधियों और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षकों के मार्गदर्शन में निखर रही प्रतिभा

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के पीछे शिक्षकों का सतत मार्गदर्शन और प्रोत्साहन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विद्यालय के नोडल शिक्षक अरुण कुमार दुबे, इन्द्रपाल लोधी एवं श्रद्धा जैन विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट निर्माण, रचनात्मक गतिविधियों और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए लगातार प्रेरित कर रहे हैं। शिक्षकों के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है।

 

विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल

विद्यार्थियों के प्रदर्शन और अधिकारियों से मिली सराहना पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी रूपल जैन एवं विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य भरत सिंह राजपूत ने विद्यार्थियों तथा मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उचित मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने से उनमें आत्मविश्वास, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा नवाचार की भावना विकसित होती है।

जनविश्वास शिविर में मिली सराहना विद्यार्थियों के लिए प्रोत्साहन का अवसर बनी है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच के माध्यम से विद्यालय, केसली विकासखंड और सागर जिले का नाम रोशन करेंगे।