केसली:आदिवासी बहुल अंचल के ग्राम ऊंटकटा एवं खापा चमेली में पारंपरिक विमान कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। धार्मिक आस्था के साथ आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के जाने-माने समाजसेवी संदीप जैन ‘बब्लू सिनेमा’ ने शामिल होकर विधि-विधान से विमान की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय आदिवासी समुदाय के लोगों ने पारंपरिक भजनों और लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वेशभूषा और लोक संस्कृति की झलक ने आयोजन में विशेष रंग भर दिया। संदीप जैन ने प्रस्तुतियों का आनंद लेते हुए कलाकारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारी पारंपरिक संस्कृति और लोक परंपराएं ही हमारी पहचान हैं, इन्हें सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने संदीप जैन का आत्मीय स्वागत किया। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में सरपंच चंद्रभान पटेल, विजय राजपूत एवं गुलाब सिंह घोषी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान गांवों में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और लोगों ने धार्मिक अनुष्ठान के साथ पारंपरिक लोक संस्कृति का आनंद लिया।


