श्रमदान से हटाया महीनों का कचरा, 10 फीट चौड़ा रास्ता बनाया; सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ
देवरी। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत पं. बृजकिशोर पटेरिया शिक्षा महाविद्यालय द्वारा 2 से 10 अक्टूबर तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ शुक्रवार को श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में श्रमदान के साथ हुआ। महाविद्यालय के संचालक डॉ. अवनीश मिश्रा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों, शिक्षकों एवं स्टाफ ने मंदिर परिसर, उद्यान और आसपास के सार्वजनिक क्षेत्रों की सफाई की।
विद्यार्थियों ने महीनों से जमा कचरा, पॉलीथिन, सूखी घास और झाड़ियों को हटाया। उद्यान के एक हिस्से में सफाई कर करीब 10 फीट चौड़ा रास्ता तैयार किया गया। पेड़ों के आसपास संरक्षण घेरे भी बनाए गए, जिससे परिसर का स्वरूप पूरी तरह बदला नजर आया।
इससे पहले महाविद्यालय में महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वच्छता एवं सेवा का संकल्प लिया गया। एसडीएम मुनव्वर खान ने विद्यार्थियों के श्रमदान की सराहना करते हुए स्वच्छता को प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
डॉ. अवनीश मिश्रा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि श्रमदान से स्वच्छता केवल संदेश नहीं रहती, बल्कि व्यवहार का हिस्सा बनती है।
अभियान में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन एवं कैरियर कॉन्वेंट स्कूल ने भी सहभागिता की। इस अवसर पर विवेचना मिश्रा, संतोष तिवारी, शिवम शर्मा, प्रतिभा पांडे, ऋतिका ठाकुर, धर्मेंद्र लोधी, शिवा प्यासी, सुनील दुबे, माधव नेमा, शनि तिवारी, आशुतोष उपाध्याय, योगेश पाठक, आरती मेहरा, खुशबू मिश्रा, कौशल्या कुर्मी, हेमलता दुबे, ऋतु मिश्रा, कृष्णकांत लोधी सहित महाविद्यालय स्टाफ एवं सहयोगी संस्थाओं के सदस्य मौजूद रहे।


