ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

,

सागौन फर्नीचर की दुकान पर वन विभाग की दबिश, दो लाख से अधिक की सामग्री जब्त

शाला मोहल्ला में कार्रवाई से मचा हड़कंप, दस्तावेज नहीं मिलने पर वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज

गौरझामर। गिरीश शर्मा

गौरझामर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत शाला मोहल्ला स्थित नितिन साहू की फर्नीचर दुकान पर वन विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में सागौन की लकड़ी से निर्मित फर्नीचर एवं अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि शाला मोहल्ला क्षेत्र में सागौन की लकड़ी का कथित रूप से अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर वन परिक्षेत्र अधिकारी परिवेश भदौरिया के नेतृत्व में टीम गठित कर दुकान पर दबिश दी गई।

कार्रवाई के दौरान दुकान में बड़ी मात्रा में सागौन से निर्मित तैयार फर्नीचर एवं अन्य लकड़ी की सामग्री मिली। वन विभाग के अनुसार, मौके पर उक्त सामग्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद टीम ने सामग्री जब्त कर वन परिक्षेत्र कार्यालय पहुंचाई।

वन विभाग ने नितिन साहू पिता लखन साहू, निवासी गौरझामर के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। विभाग द्वारा जब्त सामग्री की जांच एवं प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अवैध लकड़ी कारोबार पर निगरानी बढ़ाई

वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लकड़ी के अवैध भंडारण और कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है। विभाग द्वारा क्षेत्र में सागौन सहित अन्य वन उपज के अवैध भंडारण और परिवहन पर निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है।