गौवंश की सुरक्षा और सम्मान के लिए कर्रापुर में चला हस्ताक्षर अभियान
कर्रापुर। गौवंश की सुरक्षा, संरक्षण और सम्मान को लेकर चलाए जा रहे गौसम्मान अभियान के तृतीय चरण के तहत सागर जिले में हस्ताक्षर अभियान जारी है। इसी क्रम में अभियान से जुड़े सक्रिय दल ने बंडा तहसील के कर्रापुर नगर परिषद क्षेत्र में पहुंचकर नागरिकों से संपर्क किया और अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान गौभक्तों ने आमजन को गौवंश की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए चलाए जा रहे प्रयासों और आगामी कार्ययोजना से अवगत कराया। साथ ही नागरिकों से अभियान में अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई। इस दौरान गौवंश के संरक्षण और सम्मान के समर्थन में नागरिकों के हस्ताक्षर भी कराए गए।
अभियान से जुड़े सदस्यों ने कहा कि वर्तमान समय में गौवंश की सुरक्षा और संरक्षण के लिए विभिन्न स्तरों पर सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। इसी उद्देश्य से सागर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है और हस्ताक्षर एकत्र किए जा रहे हैं।
4 दिसंबर को भोपाल में प्रस्तुत होंगे हस्ताक्षर
अभियान के तहत विभिन्न स्थानों से एकत्र किए जा रहे हस्ताक्षरों एवं मांग-पत्र को 4 दिसंबर को भोपाल में राष्ट्र संतों के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार अभियान का उद्देश्य गौवंश संरक्षण के प्रति अधिक से अधिक नागरिकों को जागरूक करना और इस दिशा में जनभागीदारी को मजबूत करना है।


