महाराजपुर के पास हुआ हादसा, तीन घायलों को गंभीर हालत में बीएमसी सागर किया गया रेफर
देवरी । पूर्णिमा स्नान के लिए बरमान के तट पर गए श्रद्धालुओं के लौटते समय महाराजपुर के पास सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने श्रद्धालुओं से भरे आपे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आपे अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें सवार करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सागर जिले के देवरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बोरिया चिरचिटा से श्रद्धालु पूर्णिमा स्नान के लिए बरमान गए थे। स्नान के बाद सभी श्रद्धालु आपे से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान देवरी से करीब 15 किलोमीटर दूर गोपालपुरा के पास महाराजपुर क्षेत्र में पीछे से आए अज्ञात वाहन ने आपे को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद घायलों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर उपचार के लिए बीएमसी सागर रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार देवरी अस्पताल में किया जा रहा है।
घायलों में मनोज पिता दम्मू गौड़ (18), सीताराम पिता कमलेश गौड़ (27), रानी पति राजाराम गौड़ (35), हरिसीग पिता शोभाराम (55), प्रेमरानी पति हरिसीग (35) और रमेश पिता बेला प्रसाद गौड़ (39) शामिल हैं। इनमें तीन घायलों को गंभीर चोटों के चलते सागर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का देवरी में उपचार जारी है।
पूर्णिमा-अमावस्या पर बढ़ जाता है वाहनों का दबाव
स्थानीय लोगों के अनुसार पूर्णिमा और अमावस्या के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बरमान में मां नर्मदा स्नान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसों की स्थिति बनती रहती है। स्थानीय लोगों ने वाहनों की गति पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाने की जरूरत बताई है।


