ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

,

देवरी:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा सिद्ध गणेश मंदिर, महाआरती के साथ लगा छप्पन भोग

Author Picture
Published On: September 23, 2026

नगर में गणेश उत्सव की धूम, चारों ओर भक्ति का माहौल; बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल, विधायक पटेरिया ने मंदिर समिति को आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की

देवरी कलां। नगर में इन दिनों गणेश उत्सव की धूम है। गणपति बप्पा की भक्ति में पूरा नगर सराबोर नजर आ रहा है। इसी क्रम में नगर के सिद्ध गणेश मंदिर में गणेश उत्सव के अवसर पर महाआरती एवं छप्पन भोग का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महाआरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा और चारों ओर भक्तिमय माहौल बना रहा।

आयोजन के अवसर पर मंदिर परिसर में भगवान गणेश का आकर्षक श्रृंगार किया गया तथा विभिन्न प्रकार के व्यंजनों से छप्पन भोग सजाया गया। शाम को आयोजित महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। भक्तों ने क्षेत्र एवं परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।

गणेश उत्सव को लेकर नगर के विभिन्न मंदिरों एवं पंडालों में भी धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। शाम होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ धार्मिक स्थलों पर उमड़ रही है। भजन-कीर्तन, आरती और प्रसाद वितरण से नगर का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

सिद्ध गणेश मंदिर में आयोजित महाआरती में क्षेत्रीय विधायक पंडित बृज बिहारी पटेरिया एवं नगरपालिका अध्यक्ष नेहा जैन भी शामिल हुए। उन्होंने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर महाआरती की और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस दौरान मंदिर समिति के सदस्यों ने मंदिर की व्यवस्थाओं एवं आवश्यक कार्यों को लेकर विधायक पटेरिया से चर्चा की। समिति के आग्रह पर विधायक ने मंदिर समिति को आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।

महाआरती में विधायक पंडित बृज बिहारी पटेरिया के साथ अमित कटारे, धीरेंद्र मिश्रा, अभितेंद्र मिश्रा, संजय चौरसिया, अतुल ढिमोले , काशीराम पटेल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं मंदिर समिति के सदस्य मौजूद रहे।