ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

कीचड़ में तब्दील हुआ रास्ता, आवागमन को तरसे पृथ्वी वार्ड के रहवासी, बोले—अब तो बनाओ सड़क

Author Picture
Published On: September 21, 2026

150 फीट सड़क के निर्माण की मांग को लेकर वार्डवासियों ने सौंपा ज्ञापन, जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

देवरी: त्रिवेंद्र जाट

नगर पालिका परिषद देवरी के पृथ्वी वार्ड में प्रकाश यादव के घर से लेकर के.एल. ठाकुर मासाब के घर तक का रास्ता बारिश के चलते कीचड़ से सराबोर हो गया है। सड़क निर्माण नहीं होने के कारण करीब 10 से 12 परिवारों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि बारिश के दौरान इस रास्ते से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है।

रहवासियों के अनुसार करीब 150 फीट लंबा यह मार्ग लंबे समय से सड़क निर्माण की बाट जोह रहा है। बारिश होते ही रास्ते पर कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे लोगों को घर से बाहर निकलने में भी परेशानी होती है। वार्डवासी बब्बू तिवारी ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर नगर पालिका में कई बार लिखित आवेदन दिए जा चुके हैं। जनसुनवाई में भी समस्या से संबंधित आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

ज्ञापन सौंपकर सीसी सड़क निर्माण की मांग

समस्या को गंभीरता से लेते हुए पूर्व मंत्री हर्ष यादव के मार्गदर्शन में युवक कांग्रेस देवरी नगर अध्यक्ष सचिन नामदेव के नेतृत्व में वार्डवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नाम सब इंजीनियर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कीचड़ग्रस्त रास्ते पर जल्द से जल्द सीसी सड़क निर्माण कराने की मांग की गई।

इस दौरान सचिन नामदेव ने कहा कि उक्त रास्ता बेहद कीचड़ग्रस्त है और यहां से निकलना मुश्किल हो रहा है। सड़क निर्माण को लेकर पहले भी आवेदन दिए गए हैं और जनसुनवाई में भी समस्या रखी गई, लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों के साथ पुनः नगर पालिका में ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र निराकरण की मांग की गई है।

सचिन नामदेव ने कहा कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वार्डवासियों के साथ आंदोलन करने के लिए विवश होना पड़ेगा।

बड़ी संख्या में वार्डवासी रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान भगवत शरण तिवारी, नरेंद्र सोनी, दुर्गेश यादव, बब्बू तिवारी, अशोक यादव, खेमा जाटव, नेहा नामदेव, कुंजी लाल ठाकुर, उर्मिला, सविता, ईशा यादव सहित बड़ी संख्या में वार्ड के पुरुष एवं महिलाएं मौजूद रहे।

वार्डवासियों का कहना है कि सीसी सड़क बनने से क्षेत्र के परिवारों को वर्षभर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी और बारिश के दिनों में होने वाली परेशानी से भी राहत मिलेगी। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग की है।