ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

नृत्य, विचार और रैली से दिया शांति का संदेश, सेंट मेरीज़ स्कूल में खास आयोजन

Author Picture
Published On: September 21, 2026

पीस क्लब की विशेष असेंबली में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया प्रेम, एकता और सद्भाव का संदेश; राजौल चौराहे तक निकली जागरूकता रैली

देवरी। अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस के अवसर पर 21 सितंबर 2026 को सेंट मेरीज़ कॉन्वेंट स्कूल, देवरी में पीस क्लब के विद्यार्थियों द्वारा विशेष असेंबली एवं भव्य शांति रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में शांति, प्रेम, सद्भाव, एकता और भाईचारे का संदेश पहुंचाना रहा।

विशेष असेंबली में पीस क्लब के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक नृत्य, रचनात्मक प्रस्तुतियों और विचारों के माध्यम से शांति का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मानवीय मूल्यों को अपनाने और अपने जीवन में शांति एवं सद्भाव को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रबंधक सिस्टर रजनी सी.जे., हेडमिस्ट्रेस सिस्टर जीन मेरी सी.जे., सिस्टर अनुपा जी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधक सिस्टर रजनी सी.जे. ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से शांति, प्रेम और सद्भावना के मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संपूर्ण संचालन शिक्षिका सोनू चौहान द्वारा किया गया। वहीं मंच संचालन कक्षा 7वीं के विद्यार्थियों महालक्ष्मी मिश्रा एवं अतीन तिवारी ने आत्मविश्वास और प्रभावी ढंग से किया।

शांति संदेश लेकर सड़कों पर उतरे विद्यार्थी

विशेष असेंबली के बाद पीस क्लब के विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय प्रांगण से राजौल चौराहे तक भव्य शांति रैली निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने शांति, एकता, प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

रैली में विद्यार्थियों का उत्साह, अनुशासन और सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यार्थियों ने अपने संदेशों के माध्यम से लोगों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया।

अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस पर आयोजित यह विशेष असेंबली और शांति रैली विद्यार्थियों में शांति, सह-अस्तित्व, एकता और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने की सार्थक पहल रही। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि शांतिपूर्ण समाज की शुरुआत किसी बड़े बदलाव से नहीं, बल्कि हमारे अपने विचारों, शब्दों और व्यवहार से होती है।