डोंगर सलैया हाई स्कूल में लंबे समय से अनुपस्थिति और ई-अटेंडेंस को लेकर उठे सवालों के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने लिया संज्ञान
देवरी। त्रिवेंद्र जाट
देवरी शिक्षा विभाग में बीआरसी पद पर शिक्षक हरिकृष्ण चौबे की नियुक्ति को लेकर उठ रहे सवालों के बीच जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि हरिकृष्ण चौबे को देवरी बीआरसी पद से हटाने का आदेश किया जाएगा और उन्हें उनकी मूल पदस्थापना शासकीय हाई स्कूल डोंगर सलैया में भेजकर नियमित रूप से स्कूल में उपस्थित रहने के निर्देश दिए जाएंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन के अनुसार, बीआरसी पद से हटाने की प्रक्रिया संबंधित स्तर से की जानी है। मामला संज्ञान में आने के बाद जल्द आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात उन्होंने कही है।
लंबे समय से उठ रहे थे सवाल
हरिकृष्ण चौबे शासकीय हाई स्कूल डोंगर सलैया में हिंदी विषय के शिक्षक के रूप में पदस्थ हैं। उनकी बीआरसी पद पर नियुक्ति के साथ ही मूल पदस्थापना को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। वहीं, शिकायतों में आरोप लगाया गया कि वे लंबे समय से स्कूल में नियमित रूप से उपस्थित नहीं हो रहे थे।
स्कूल के उपस्थिति रजिस्टर में लंबे समय तक हस्ताक्षर नहीं होने और ई-अटेंडेंस दर्ज किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए गए थे। हालांकि इन आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
शिकायत और पत्र मिलने की पुष्टि
जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने बताया कि इस संबंध में विभाग को शिकायत प्राप्त हुई है और पत्र भी आया है। उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई की जाएगी। शिक्षक को बीआरसी पद से हटाकर उनकी मूल पदस्थापना पर भेजने की प्रक्रिया किए जाने की बात भी उन्होंने कही।
अब आदेश और जांच का इंतजार
जिला शिक्षा अधिकारी के बयान के बाद मामले में विभागीय कार्रवाई की उम्मीद बढ़ गई है। अब निगाह इस बात पर है कि बीआरसी पद से हटाने और मूल पदस्थापना पर भेजने का आदेश कब जारी होता है। साथ ही शिक्षक की कथित अनुपस्थिति और ई-अटेंडेंस से जुड़े लगाए गए आरोपों की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं, यह भी महत्वपूर्ण होगा।
फिलहाल विभागीय स्तर पर कार्रवाई और जांच के परिणाम का इंतजार किया जा रहा है।


