ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, शासकीय स्कूल-अस्पताल के आसपास से हटाईं गुमटियां

Author Picture
Published On: September 12, 2026

राजस्व-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप, शराब दुकान के पास बने अहाते और गुमटियों पर भी कार्रवाई

गौरझामर।गिरीश शर्मा 

शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को सख्त कार्रवाई करते हुए कई अवैध गुमटियों और अस्थायी दुकानों को हटाया। थाना गौरझामर क्षेत्र में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने शासकीय स्कूल और शासकीय अस्पताल के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। इसके अलावा शराब दुकान के पास बनाए गए अवैध अहाते और गुमटियों को भी हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार, पटवारी, थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। प्रशासन की कार्रवाई के चलते क्षेत्र में कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति बनी रही। बताया गया है कि कुछ छोटे दुकानदारों को अपनी दुकानें हटाने के लिए दो दिन का समय भी दिया गया है।

कार्रवाई के बाद छोटे दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी की चिंता

प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जहां शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, वहीं दूसरी ओर छोटी-छोटी दुकानें संचालित कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले दुकानदारों के सामने आय के साधन को लेकर चिंता खड़ी हो गई है।

दुकानदारों का कहना है कि इन छोटी दुकानों से होने वाली आमदनी से ही उनके परिवार का खर्च चलता है। दुकानें हटने के बाद उनके सामने रोजगार और परिवार चलाने की समस्या पैदा हो सकती है। प्रभावित दुकानदारों की ओर से यह सवाल भी उठाया जा रहा है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के साथ क्या प्रशासन द्वारा जरूरतमंद छोटे दुकानदारों के लिए कोई वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने पर विचार किया जाएगा।

हालांकि, प्रशासन की ओर से कार्रवाई का उद्देश्य शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना बताया जा रहा है। ऐसे में अब देखने वाली बात होगी कि अतिक्रमण हटाने के बाद प्रभावित छोटे दुकानदारों के रोजगार को लेकर प्रशासन की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था या योजना बनाई जाती है या नहीं।