चौसठ योगिनी धाम से शुरू हुई रैली, जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत; कृषि उपज मंडी में सजा कृष्ण दरबार
देवरी। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशी में देवरी नगर कृष्ण भक्ति में सराबोर नजर आया। यादव समाज द्वारा जन्माष्टमी के अवसर पर विशाल वाहन रैली निकाली गई, जिसमें नगर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। डीजे और भगवान श्रीकृष्ण की झांकी के साथ निकली रैली का नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
वाहन रैली का शुभारंभ महाराजपुर के पनारी स्थित प्रसिद्ध चौसठ योगिनी धाम से हुआ। यहां से रैली महाराजपुर फोरलेन मार्ग होते हुए देवरी नगर पहुंची। रैली के देवरी पहुंचने पर कांग्रेस कार्यालय गैस एजेंसी के पास पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव ने अपने समर्थकों के साथ समाजजनों का पुष्पवर्षा एवं फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
इसके बाद वाहन रैली सहजपुर चौराहा, बस स्टैंड, नगर पालिका चौराहा और सिविल लाइन चौराहा होते हुए कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। सिविल लाइन चौराहे पर जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, पत्रकारों सहित अन्य लोगों ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीकृष्ण की झांकी और वाहन रैली का स्वागत किया।
कृष्ण की झांकी ने मोहा मन, जयकारों से गूंजा मंडी परिसर
रैली के कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंचने के बाद मंच पर छोटे बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी के रूप में विराजमान किया गया। समाज के वरिष्ठजनों ने बच्चों को फूल मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद “श्री कृष्ण भगवान की जय” और “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
मंचीय कार्यक्रम में यादव समाज के वरिष्ठजनों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। वक्ताओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी लीलाओं और उनके आदर्शों का वर्णन करते हुए समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। वक्ताओं ने शिक्षा को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए युवाओं और बच्चों से श्रीकृष्ण के विचारों एवं आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कुरीतियों से दूर रहने का लिया संकल्प
जन्माष्टमी समारोह के दौरान सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया। समाजजनों से जुआ, सट्टा, शराब और अन्य नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब युवा शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें।
कार्यक्रम का मंच संचालन एडवोकेट लीलाधर यादव ने किया। कार्यक्रम में चंद्रभान यादव रसेना, कृष्ण कुमार यादव, भागवत यादव, सरपंच जीवन यादव सहित ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे समाज के वरिष्ठजन मौजूद रहे। आयोजन में बड़ी संख्या में पुरुष, बुजुर्ग, युवा एवं बच्चे शामिल हुए।
कार्यक्रम के समापन पर समाजजनों को प्रसादी का वितरण किया गया। आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी समाजजनों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया। इसी के साथ भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह का समापन हुआ।


