ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

,

गुस्से में उठाया डंडा, मासूम की जिंदगी पर पड़ा भारी; आरोपी पिता जेल भेजा गया

बरायठा में एक माह के बच्चे की मौत से सनसनी, आरोपी पिता 24 घंटे में गिरफ्तार

बरायठा : सागर : गिरीश शर्मा

सागर जिले के बरायठा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। गुस्से में एक पिता ने अपने महज एक माह के मासूम बच्चे के सिर पर डंडे से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को उपचार के लिए बीएमसी अस्पताल सागर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद फरार हुए आरोपी पिता को बरायठा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे कस्बा बरायठा में अजय आदिवासी (कुचबंदिया) ने अपने एक माह के बच्चे बाबू आदिवासी के सिर पर कथित रूप से जान से मारने की नीयत से डंडे से वार किया और मौके से फरार हो गया।

गंभीर हालत में परिजन बच्चे को उपचार के लिए बीएमसी अस्पताल सागर लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर बरायठा पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया ।

घटना के बाद आरोपी लगातार अपना स्थान बदल रहा था। उसके स्थायी संपर्क नंबर और पता उपलब्ध नहीं होने के बावजूद पुलिस टीम ने जंगल सहित विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर उसकी तलाश की।

पुलिस की तत्परता के चलते आरोपी अजय आदिवासी निवासी मंडवारा को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेन्द्र सिंह सोलंकी और एसडीओपी बंडा प्रदीप बाल्मीकि के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अरविंद सिंह ठाकुर एवं पुलिस टीम द्वारा की गई।