90 डिग्री के मोड़ पर बेकाबू हुई स्लीपर कोच, खिड़कियों से नीचे गिरे यात्री, 12 गंभीर घायल
राजगढ़/ब्यावरा। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लखनऊ/कानपुर से इंदौर की ओर जा रही स्लीपर कोच बस ब्यावरा बायपास के 90 डिग्री घुमावदार ब्रिज पर अनियंत्रित होकर सीमेंट-कंक्रीट की बाउंड्री वॉल से टकरा गई। टक्कर के बाद बस दीवार से घिसटते हुए आगे बढ़ी और कई यात्री खिड़कियों से ब्रिज के नीचे जा गिरे। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 12 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घुमावदार मोड़ पर बिगड़ा बस का संतुलन:
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्लीपर कोच बस लखनऊ/कानपुर से उज्जैन होते हुए इंदौर की ओर जा रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे ब्यावरा बायपास के घुमावदार ब्रिज पर चालक मोड़ का सही अनुमान नहीं लगा सका। बस को नियंत्रित करने के प्रयास के दौरान वह ब्रिज की बाउंड्री वॉल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस की खिड़कियों के शीशे टूट गए और कई यात्री बाहर जा गिरे।
ब्रिज के नीचे गिरे यात्री, मौके पर मचा हड़कंप:
बस की ऊपरी सीटों पर सो रहे कुछ यात्री टक्कर के बाद खिड़कियों से ब्रिज के नीचे भोपाल रोड और आसपास के हिस्से में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया।
मृतकों में कर्नाटक के साइबर इंस्पेक्टर भी:
हादसे में जान गंवाने वालों में कर्नाटक के 45 वर्षीय रवि केबी भी शामिल हैं, जो बेंगलुरु में साइबर इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। वे अपनी टीम के सदस्य विश्वनाथ और रमेश नायक के साथ एक अपराधी को पकड़ने के लिए इंदौर जा रहे थे। हादसे में उनके दोनों साथी घायल हुए हैं। अन्य मृतकों में बेलाल अली निवासी गोपालगंज, बिहार, बस चालक विकास निवासी फतेहपुर, उत्तर प्रदेश और ज्योतिरादित्य निवासी मध्य प्रदेश बताए गए हैं।
12 यात्री गंभीर, रेफर किए गए घायल:
हादसे में उत्तर प्रदेश, बिहार और कर्नाटक के यात्रियों सहित करीब 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में परिवार के सदस्यों और बच्चों के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से पांच गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया है।
मंत्री ने मौके पर पहुंचकर जांच की बात कही:
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मंत्री नारायण सिंह पंवार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हादसे के कारणों की जांच कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि ब्रिज के कर्व को लेकर सामने आई जानकारी की जांच कराई जाएगी और आवश्यक सुरक्षा उपायों के लिए भी संबंधित स्तर पर बात की जाएगी। उन्होंने हादसे में मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों और ब्रिज की संरचना से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।


