बारिश भी नहीं रोक सकी जोश,दिया सामाजिक एकजुटता का संदेश
देवरी :एमपी हिंदी न्यूज़ । वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की 196वीं जयंती पर रविवार को देवरी में शौर्य, देशभक्ति और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। लोधी क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में कृषि उपज मंडी परिसर में भव्य समारोह एवं विशाल आमसभा आयोजित की गई। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में समाजजन और सर्व समाज के नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए। समारोह के बाद नगर में विशाल तिरंगा वाहन रैली निकाली गई, जिसका जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत लोधी गीत के वाचन से हुई। इसके बाद अतिथियों ने वीरांगना रानी अवंतीबाई के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की। आकर्षक झांकी भी सजाई गई। समारोह में वक्ताओं ने रानी अवंतीबाई के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
तिरंगे के साथ निकली विशाल रैली
समारोह के बाद वाहनों और बाइक के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। रैली हाईस्कूल परिसर से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सिविल लाइन चौराहे पहुंची। क्षेत्रीय विधायक पंडित बृज बिहारी पटेरिया , डॉ. अवनीश मिश्रा
सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने रैली का स्वागत किया। रास्तेभर जगह-जगह पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं से रैली का स्वागत हुआ।इसके बाद रैली कृषि उपज मंडी परिसर पहुंची। देशभक्ति के नारों और वीरांगना रानी अवंतीबाई के जयघोष से नगर का माहौल राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
रानी अवंतीबाई का बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा
मुख्य अतिथि एवं लोधी क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जालम सिंह ने कहा कि रानी अवंतीबाई ने बेहद कम उम्र में देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनके साहस और बलिदान को आने वाली पीढ़ियां हमेशा याद रखेंगी।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि 1857 की क्रांति के दौरान रानी अवंतीबाई ने अंग्रेजों के खिलाफ वीरतापूर्वक संघर्ष करते हुए मातृभूमि के लिए बलिदान दिया। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों के लिए करने का आह्वान किया। साथ ही पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक और नई कृषि पद्धतियां अपनाकर किसानों को आगे बढ़ने की बात कही। विधायक पंडित बृज बिहारी पटेरिया ने कहा कि वीरांगना रानी अवंतीबाई का बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा, रोजगार, समाजसेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में आगे बढ़ना चाहिए।
समाज सुधार और युवाओं को नशे से दूर रखने पर जोर
समारोह में वक्ताओं ने समाज की एकजुटता, शिक्षा को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे से दूर रखने पर विशेष जोर दिया। मृत्यु भोज सहित सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का भी आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि रानी अवंतीबाई का संघर्ष केवल किसी एक समाज तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष किया था। उनके आदर्श समाज और राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेंगे।
कार्यक्रम में लोधी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जालम सिंह, सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक पंडित बृज बिहारी पटेरिया, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, जिला पंचायत सदस्य सरबजीत सिंह, हरिश्चंद्र लोधी (गुड्डू अमोदा)
डॉ. अवनीश मिश्रा,अनिल ढिमोले, सुरेंद्र सिंह बंदरी, कमलेश सिंह लोधी ब्लॉक अध्यक्ष, वीरेंद्र सिंह लोधी, दामोदर सिंह लोधी, राहुल सिंह लोधी, मनोहर सिंह लोधी, अरविंद सिंह लोधी, राजेंद्र सिंह लोधी, धर्मेंद्र सिंह लोधी, महेंद्र सिंह उमरिया, लक्ष्मण सिंह लोधी, प्रीतम सिंह, गोविंद सिंह, राजकुमार सिंह लोधी, दशरथ सिंह, शिवशंकर सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजजन, पदाधिकारी एवं सर्व समाज के नागरिक मौजूद रहे।


