ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

,

मोबाइल से भक्ति की ओर बढ़े नन्हे कदम, खाटू श्याम परिवार की कांवड़ यात्रा में दिखा संस्कारों का संगम

देवरी: मोबाइल और सोशल मीडिया की दुनिया से इतर जब नन्हे कदम भगवान शिव की भक्ति की राह पर बढ़े, तो यह नजारा हर किसी का ध्यान खींच गया। श्री खाटू श्याम परिवार के नेतृत्व में सोमवार को सुखचैन वार्ड स्थित खाटू श्याम मंदिर से विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गई।

महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कांवड़ लेकर नगर के प्रमुख मार्गों से यात्रा की। यात्रा फूटा मंदिर स्थित पशुपतिनाथ मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने नर्मदा जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।

नन्हे कांवड़ियों ने खींचा सबका ध्यान

यात्रा में छोटे-छोटे बच्चों की भागीदारी सबसे खास आकर्षण रही। हाथों में कांवड़ लेकर शिवभक्ति में लीन नन्हे भक्तों को देखकर लोगों ने जमकर सराहना की। आज के दौर में जब बच्चों का रुझान मोबाइल और सोशल मीडिया की ओर बढ़ रहा है, ऐसे समय में धार्मिक यात्रा में बच्चों की सहभागिता संस्कार और संस्कृति से जुड़ाव की खूबसूरत तस्वीर बनी।

श्रद्धालुओं ने कहा कि आधुनिकता के साथ बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और संस्कारों से जोड़ना भी जरूरी है। कांवड़ यात्रा में नन्हे भक्तों की मौजूदगी ने यही संदेश दिया कि मोबाइल के दौर में भी संस्कारों की डोर मजबूत रखी जा सकती है। पूरी यात्रा के दौरान नगर का माहौल शिवमय रहा। श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष नेहा जैन एवं पत्रकार नितिन ठाकुर सहित श्रद्धालु मौजूद रहे।