संकुल स्तर के बाद विभाग संस्कृति महोत्सव में भी प्रथम, अब प्रांत स्तर पर दिखाएंगी प्रतिभा
देवरी। सरस्वती शिशु मंदिर देवरी की छात्रा नित्या बड़ेरिया ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार प्रदर्शन करते हुए विभाग संस्कृति महोत्सव-2026 में शास्त्रीय गायन विधा में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रतियोगिता का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर पथरिया(दमोह) में किया गया, जिसमें सागर विभाग के 33 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विभिन्न बौद्धिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में सहभागिता की।
नित्या ने इससे पहले संकुल स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में भी शास्त्रीय गायन में प्रथम स्थान प्राप्त कर विभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान बनाया था। इसके बाद पथरिया में आयोजित विभाग संस्कृति महोत्सव में भी उन्होंने प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
विभाग स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद अब नित्या बड़ेरिया 3 एवं 4 अक्टूबर को गोटेगांव में आयोजित होने वाली प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में सागर विभाग का प्रतिनिधित्व करेंगी।
नित्या की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार एवं परिजनों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय परिवार ने कहा कि नित्या ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है।


