ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

,

संदीपनि विद्यालय में सेवा संकल्प अभियान में निखरी छात्र प्रतिभाएं, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में दिखाया हुनर

Author Picture
Published On: September 24, 2026

रंगों और शब्दों से बच्चों ने सजाया ‘सेवा संकल्प’, विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में दिखा हुनर

देवरी । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संदीपनि विद्यालय देवरी में विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विकासखंड के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए चित्रकला के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता और भाषण के जरिए विचार एवं अभिव्यक्ति क्षमता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि प्रियंका पटेरिया सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन कर किया। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्षद सुनील रिछारिया ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और मोबाइल का उपयोग सीमित एवं सकारात्मक तरीके से करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल का उपयोग ज्ञानवर्धक और सकारात्मक सामग्री के लिए किया जाए तथा नकारात्मक सामग्री से दूरी रखी जाए।

बीकेपी महाविद्यालय के प्राचार्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. अवनीश मिश्रा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, समरसता और समानता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की बात कही।

दिलीप नेमा ने कहा कि प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करना महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक जरूरी है कि विद्यार्थी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा को सामने लाएं और झिझक दूर करें। वरिष्ठ भाजपा नेता राजाराम दामले ने भी विद्यार्थियों को निरंतर प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि प्रियंका पटेरिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और जनकल्याण की भावना को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने निर्धारित विषयों पर चित्रकला एवं भाषण के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। विकासखंड स्तर पर चयनित विद्यार्थी आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका विवेचना मिश्रा ने किया। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी शुभांग गुप्ता, बीआरसी हरिकृष्ण चौबे, संदीपनि विद्यालय के प्राचार्य सुनील बड़ेरिया सहित मंडल अध्यक्ष मोंटू सिंह राजपूत, सुशील श्रीवास्तव, कीर्ति रिछारिया, नगर पालिका उपाध्यक्ष नईम खान, पार्षद काशीराम पटेल, नारायण वाल्मीकि, कमलेश तिवारी, नीलेश रैकवार सहित  शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।