कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर गांव-गांव पहुंचेगा अमला, खेतों का होगा भौतिक सत्यापन
सागर, जिले में लगातार हुई अत्यधिक वर्षा के कारण कुछ क्षेत्रों में उड़द की फसल को हुए नुकसान को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। किसानों को संभावित राहत दिलाने के लिए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम), तहसीलदारों और कृषि विभाग के मैदानी अमले को गांव-गांव पहुंचकर उड़द फसल की क्षति का तत्काल सर्वे एवं भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर के निर्देश के बाद राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर खेतों का स्थलीय निरीक्षण कर रही हैं। टीमों द्वारा किसानों के खेतों में पहुंचकर वर्षा से फसल को हुई क्षति का मौके पर आकलन किया जाएगा, ताकि वास्तविक नुकसान की स्थिति सामने आ सके।
लापरवाही पर सख्त निर्देश
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सर्वे कार्य में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि क्षति के आकलन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। राजस्व एवं कृषि विभाग के अमले को प्रभावित किसानों के खेतों तक पहुंचकर वास्तविक स्थिति का सत्यापन करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सर्वे रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
राहत और फसल बीमा का मिलेगा आधार
प्रशासन के अनुसार सर्वे का उद्देश्य वर्षा से प्रभावित किसानों की फसल क्षति का सही आकलन कर समय पर रिपोर्ट तैयार करना है। इसी रिपोर्ट के आधार पर पात्र किसानों को आपदा राहत कोष एवं फसल बीमा योजना के तहत नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सर्वे कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा करने और प्रभावित किसानों की फसल क्षति का वास्तविक एवं पारदर्शी आकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


