मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन सख्त, बदौना में अवैध देशी शराब जब्त; ढाबों पर भी अचानक जांच
सागर। जिले में अवैध और दूषित शराब के कारोबार के साथ सार्वजनिक भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के बाद कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के ठिकानों और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया।
अभियान के दौरान भोपाल रोड स्थित पृथ्वी ढाबा क्षेत्र, बदौना और सुरखी क्षेत्र में फोरलेन पर संचालित ढाबों की जांच की गई। प्रशासनिक टीमों ने ढाबों पर अचानक पहुंचकर अवैध गतिविधियों और दूषित शराब से जुड़े संभावित नेटवर्क की जांच की।
बदौना में अवैध देशी शराब जब्त
बदौना क्षेत्र में अवैध रूप से देशी शराब बेचे जाने की सूचना पर टीम ने कार्रवाई की। मौके से बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब जब्त की गई। शराब बिक्री के लिए बनाए गए अवैध डिब्बों और अस्थायी ढांचों को भी मौके पर ध्वस्त कर दिया गया। जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
कॉलेज के पास 10 अवैध दुकानें हटाईं
अतिक्रमण के खिलाफ भी प्रशासन ने कार्रवाई की। सिटी मजिस्ट्रेट श्री शैलेष द्विवेदी की मौजूदगी में अतिक्रमण रोधी दस्ते ने शासकीय आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज के आसपास सार्वजनिक भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान 10 अवैध दुकानों को हटाया गया।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद कॉलेज के आसपास लंबे समय से बाधित आवागमन सुचारू होने की बात कही गई है, जिससे राहगीरों को राहत मिली।
अवैध कारोबार और अतिक्रमण पर प्रशासन का सख्त रुख
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार शासकीय एवं सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण तथा अवैध दूषित शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों को ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण न करें और अवैध शराब अथवा किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस या संबंधित विभाग को सूचना दें।


