पूर्व मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में पुलिस महानिदेशक के नाम 8 सूत्रीय ज्ञापन, कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े आंदोलन की चेतावनी
केसली। देवरी विधानसभा क्षेत्र में कथित तौर पर बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री, जुआ-सट्टा और महिला अपराधों को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को केसली में प्रदर्शन किया। कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में इन सभी मुद्दों को लेकर आरोप और मांगें रखी गई हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी केसली के कार्यकर्ताओं ने नगर में रैली निकाली और पुलिस महानिदेशक के नाम 8 सूत्रीय ज्ञापन थाना प्रभारी केसली को सौंपा।
प्रदर्शन के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता जनपद पंचायत परिसर स्थित हनुमान मंदिर के पास एकत्रित हुए। यहां से रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुलिस थाना केसली पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई।
ज्ञापन में कानून-व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल
थाना परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि देवरी विधानसभा क्षेत्र में आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि देवरी, केसली, गौरझामर और महाराजपुर थाना क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों को लेकर लोगों में असुरक्षा की स्थिति है।
ज्ञापन में कांग्रेस ने अवैध शराब, गांजा, स्मैक एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री, जुआ-सट्टा, चोरी-लूट, मारपीट तथा महिला अपराधों का मुद्दा उठाते हुए पुलिस प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
बंडा शराबकांड की निष्पक्ष जांच की मांग
ज्ञापन में सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने, मृतकों की वास्तविक संख्या एवं घटना से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करने तथा यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस ने मृतकों के परिवारों को उचित आर्थिक सहायता देने, मामले की सीबीआई जांच कराने तथा जहरीली शराब के कारोबार से जुड़े दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग भी ज्ञापन में की है।
छोटे विक्रेताओं तक सीमित न रहे कार्रवाई
ज्ञापन में कांग्रेस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई को केवल छोटे विक्रेताओं तक सीमित नहीं रखने की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि शराब की सप्लाई के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े मुख्य लोगों तक पहुंचकर कार्रवाई की जानी चाहिए।
ज्ञापन में कहा गया है कि अवैध शराब की बिक्री से जुड़ी शिकायतों की गंभीरता से जांच कर पूरे नेटवर्क को चिन्हित किया जाए।
स्मैक और मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक की मांग
युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर भी कांग्रेस ने ज्ञापन में चिंता जताई है। इसमें स्मैक एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने तथा स्थानीय स्तर पर नशा बेचने वालों के साथ बड़े सप्लायरों तक पहुंचकर कार्रवाई करने की मांग की गई।
कांग्रेस ने सागर, दमोह, नरसिंहपुर सहित आसपास के जिलों से जुड़े संभावित सप्लाई नेटवर्क की जांच किए जाने की मांग भी ज्ञापन में रखी है।
मंदिरों में चोरी और जुआ-सट्टे का मुद्दा
कांग्रेस ने क्षेत्र के मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं की गंभीरता से जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं देवरी, केसली, गौरझामर और महाराजपुर क्षेत्र में ज्ञापन में उल्लेखित जुआ-सट्टा एवं कथित अवैध गतिविधियों के अड्डों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
कांग्रेस ने ऐसे स्थानों को चिन्हित कर अभियान चलाने तथा इनके संचालन से जुड़े लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।
महिला सुरक्षा और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
ज्ञापन में महिला अपराधों की थाना-वार समीक्षा, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई। स्कूल एवं कॉलेजों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था की मांग भी कांग्रेस ने रखी।
कांग्रेस ने स्कूल-कॉलेज खुलने और छुट्टी के समय पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने के साथ ही रात के समय बाजारों, धार्मिक स्थलों, सुनसान मार्गों और अपराध प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।
कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े आंदोलन की चेतावनी
पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े इन मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों, महिलाओं और युवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस जिम्मेदारी से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी केसली अध्यक्ष शिवराज सिंह ठाकुर सहित उमेश खटेरिया, मुन्ना सिंघई, सुखदेव अरेले, सरमन लोधी, राकेश जैन, दीपेश बड़कुल, हरिशंकर विश्वकर्मा, संदीप अरेले, संदीप कटारे, जिनेन्द्र जैन, गुठ्ठल तिवारी, चंदन पटेल, कृष्णा सोनी, अशोक कुर्मी, बहादुर घोषी, निरंजन सिंह घोषी, नीलेश रिछारिया, अजय कुर्मी, रामदास पाठक, आशीष बुधौलिया, राजेश यादव, कलूराम गौड़, देवेंद्र गौड़, कमलेश गौड़, पल्टू यादव, सुरेंद्र यादव, राजेश राजपूत, चंद्रभान दीवान, रामचरण यादव, वीरेंद्र ठाकुर, मनोहर भाटिया, तुलसीराम लोधी, दीपक लोधी, रोहित लोधी, मोतीलाल लोधी, अरविंद यादव, लखन आदिवासी, सूरज आदिवासी, रामसेवक आदिवासी, विश्राम आदिवासी, कमल यादव, दशरथ अहिरवार, नरेश जैन, राकेश बजाज, विकास भाटिया, रामबाबू यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


