ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

,

देवरी में कांग्रेस का 8 सूत्रीय ज्ञापन, अवैध शराब-नशे से लेकर जुआ-सट्टा और अपराधों पर उठाए सवाल

Author Picture
Published On: September 9, 2026

पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में निकली रैली, पुलिस महानिदेशक के नाम थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन

देवरी। देवरी विधानसभा क्षेत्र में कानून व्यवस्था, अवैध शराब, मादक पदार्थों, जुआ-सट्टा और महिला अपराधों सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवरी ने बुधवार को पुलिस महानिदेशक के नाम 8 सूत्रीय ज्ञापन थाना प्रभारी को सौंपा। ज्ञापन पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में सौंपा गया।

ज्ञापन से पहले बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता गैस एजेंसी के पास एकत्रित हुए। यहां से नगर के प्रमुख मार्गों से रैली निकाली गई, जिसमें कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। रैली एसडीओपी कार्यालय पहुंची, जहां पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

कानून व्यवस्था को लेकर सरकार-पुलिस पर निशाना

हर्ष यादव ने पुलिस प्रशासन और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा के बजाय राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि देवरी विधानसभा क्षेत्र के देवरी, केसली, गौरझामर और महाराजपुर थाना क्षेत्रों में अपराधियों के हौसले बढ़ने और आम नागरिकों में असुरक्षा की स्थिति की शिकायतें सामने आ रही हैं।

उन्होंने अवैध शराब, गांजा, स्मैक एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री, जुआ-सट्टा, चोरी, लूट, मारपीट, गोलीकांड, महिला अपराध तथा नाबालिग बालिकाओं के गुमशुदगी और अपहरण जैसे मामलों पर चिंता जताई।

बंडा जहरीली शराब मामले की जांच की मांग

ज्ञापन में सागर जिले के बंडा विधानसभा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस ने मृतकों की संख्या और घटना से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करने, अधिकारियों की लापरवाही या मिलीभगत सामने आने पर कार्रवाई करने की मांग की।

इसके साथ ही मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा, मामले की सीबीआई जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग रखी गई।

अवैध शराब के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की मांग

कांग्रेस ने देवरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री की शिकायतों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई स्थानों पर खुलेआम शराब बिक्री से सामाजिक और पारिवारिक विवाद बढ़ने की बात सामने आ रही है।

ज्ञापन में अवैध शराब के प्रमुख केंद्रों को चिन्हित करने, सप्लाई के स्रोत और मुख्य तस्करों तक पहुंचने तथा केवल छोटे विक्रेताओं के बजाय पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच करने की मांग की गई।

नशे के कारोबार पर भी जताई चिंता

युवाओं में स्मैक पाउडर और अन्य मादक पदार्थों के बढ़ते कारोबार को लेकर कांग्रेस ने चिंता जताई। ज्ञापन में प्रमुख सप्लायरों, स्थानीय पेडलरों और बड़े तस्करों की पहचान करने तथा दूसरे जिलों एवं प्रदेशों से आने वाली सप्लाई लाइन की जांच की मांग की गई।

सागर, दमोह, नरसिंहपुर और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े नेटवर्क की संयुक्त जांच की मांग भी कांग्रेस ने रखी।

धार्मिक स्थलों में चोरी और जुआ-सट्टे का मुद्दा

ज्ञापन में क्षेत्र के धार्मिक स्थलों में हुई चोरी की घटनाओं की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गई सामग्री की बरामदगी की मांग की गई।

वहीं देवरी एवं केसली विकासखंड मुख्यालय सहित गौरझामर और महाराजपुर क्षेत्र में जुआ-सट्टा और रिस्क के संचालन का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस ने ऐसे अड्डों को चिन्हित कर मुख्य संचालकों और आर्थिक रूप से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

महिला अपराधों की थाना-वार समीक्षा की मांग

कांग्रेस ने चारों थाना क्षेत्रों में महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और छेड़छाड़ सहित महिला अपराधों की थाना-वार समीक्षा की मांग की। लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण, महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पर्याप्त उपलब्धता और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई।

स्कूल-कॉलेजों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने की मांग

स्कूल-कॉलेजों के आसपास छात्राओं से छेड़छाड़ की घटनाओं को लेकर भी कांग्रेस ने चिंता जताई। ज्ञापन में स्कूल-कॉलेज खुलने और छुट्टी के समय विशेष पुलिस व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की गई।

इसके अलावा रात के समय धार्मिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों, स्कूल-कॉलेजों, सुनसान मार्गों, संवेदनशील गांवों और अपराध प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस गश्त प्रभावी करने की मांग रखी गई।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब, मादक पदार्थों, जुआ-सट्टा और अपराधों पर समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष वावा राजौरिया, नगर अध्यक्ष गौरव पाण्डेय, अनंतराम रजक, आंचल आठया, विजय गुरु, शरद सोनी, जगदीश सोनी, कपिल पाण्डेय, कपिल सोनी, लखन यादव, इकबाल खान, जानकी लोधी, आनंद विश्वकर्मा, राहुल खटीक, परसराम कुशवाहा, महेन्द्र पटेल, साविर वावा, तुलराम मढ़ेले, जगदीश सेन, छोटू बादशाह, समीम अंसारी, राजेन्द्र यादव, उमराम यादव, परशु विश्वकर्मा, अमित सिरवैया, सुभाष सिंघई, सौरभ नामदेव, सोहित स्थापक, कुलदीप राजपूत, कमलेश कबीरपंथी, विक्रम रजक, रोहन रैकवार, रामेश्वर कुर्मी, आशिक खान, भरत रजक, नीरज कोष्टी, मुकेश सेन, भरत यादव, मूलाम आदिवासी, राजकुमार लोधी, मोहित सेन, संजय राजपूत, शुभम मिश्रा, भुवनेन्द्र लोधी और वीरू ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।