ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

सागर में नए CEO की एंट्री,पहले दिन ही एक्टिव मोड में, बोले—काम में लापरवाही नहीं चलेगी

Author Picture
Published On: September 1, 2026

जिला पंचायत सागर की कमान संभालते ही ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

सागर,

जिला पंचायत सागर के नवागत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश कुमार गोमे ने मंगलवार को पदभार ग्रहण कर लिया। वर्ष 2016 बैच के IAS अधिकारी गोमे इससे पहले बालाघाट, भिण्ड, बड़वानी, कटनी और सिंगरौली जिला पंचायतों में CEO की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

पदभार संभालने के साथ ही उन्होंने अधिकारियों के साथ ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक लेकर साफ कर दिया कि जमीनी स्तर पर योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष फोकस रहेगा। उन्होंने बैठक में प्रस्तुत होने वाली जानकारी को तथ्यात्मक और अद्यतन रखने तथा कम प्रगति के वास्तविक कारण स्पष्ट करने के निर्देश दिए।

मालथौन से देवरी तक धीमी प्रगति पर निगरानी के निर्देश

VB-G RAM G के तहत श्रमिक नियोजन की समीक्षा में मालथौन, केसली, रहली, खुरई, देवरी और बंडा जनपद पंचायतों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित CEO जनपद को सेक्टर और ग्राम पंचायत स्तर पर लगातार मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए। प्रगतिरत कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने पर भी जोर दिया।

प्रधानमंत्री आवास की पेंडेंसी खत्म करने पर जोर

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में एफटीओ और लंबित प्रथम किस्त के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। हितग्राहियों की प्रतिदिन ग्रामवार मॉनीटरिंग करने तथा तकनीकी कारणों से राज्य स्तर पर अटके मामलों में तत्काल पत्राचार कर समाधान कराने को कहा।

नल-जल, पंचायत भवन और आंगनबाड़ी कार्यों की भी समीक्षा

नल-जल योजनाओं के हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने और सभी ग्राम पंचायतों में पानी समितियों का गठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जीपीडी को गुणवत्तापूर्ण तरीके से एक सप्ताह में अपलोड करने के साथ प्रगतिरत आंगनबाड़ी, सामुदायिक और पंचायत भवनों के निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने को कहा गया।अप्रारंभ कार्यों का स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

फील्ड विजिट पर रहेगा खास जोर

ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यों की समीक्षा करते हुए CEO ने अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू कराने तथा निरस्तीकरण योग्य कार्यों में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट कर कागजों के बजाय मौके पर काम की वास्तविक स्थिति जांचने के लिए कहा गया।

CM हेल्पलाइन को बताया प्राथमिकता

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को प्राथमिकता से लेते हुए शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ अधिकतम शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नवागत CEO ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने दायित्वों का निष्ठा, लगन और ईमानदारी से निर्वहन करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें।

बैठक में आरईएस एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी, जनपद पंचायतों के CEO, सहायक एवं उपयंत्री, जिला पंचायत के प्रभारी अधिकारी, विकासखंड समन्वयक, एपीओ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।