केसली में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन,9 सूत्रीय मांगों को लेकर सड़क पर उतरे कार्यकर्ता
केसली :एमपी हिंदी न्यूज
किसानों, आम नागरिकों और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को केसली में जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और आम नागरिक शामिल हुए। प्रदर्शन से पहले मंगल भवन में ब्लॉक स्तरीय बैठक हुई, इसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए बाजार परिसर पहुंचे और तहसीलदार केसली को 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा ने की। बैठक में बूथ और गांव स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा किसानों एवं ग्रामीणों के हित में संघर्ष करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने अल्प वर्षा से प्रभावित किसानों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस ने केसली विकासखंड को सूखाग्रस्त घोषित करने, प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वे कराने तथा किसानों को उचित मुआवजा, राहत राशि और आर्थिक सहायता देने की मांग की।
महंगाई, राजस्व और बिजली के मुद्दे उठाए
ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल, गैस, खाद्य तेल, दाल और सब्जियों सहित आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण की मांग की गई। राजस्व रिकॉर्ड में कथित गड़बड़ियों को दूर करने, भूमि संबंधी रिकॉर्ड में शीघ्र एवं पारदर्शी सुधार तथा अनावश्यक वसूली पर रोक लगाने की मांग भी रखी गई।
कांग्रेस ने बस किराए में प्रस्तावित 60 प्रतिशत वृद्धि वापस लेने और महिलाओं, विद्यार्थियों, मजदूरों तथा निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए रियायती बस पास उपलब्ध कराने की मांग की।
ड्रोन सर्वे और जल योजना की जांच की मांग
देवरी विधानसभा क्षेत्र में भूमि संबंधी मामलों में हुए ड्रोन सर्वे में सामने आई कथित विसंगतियों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कई परिवार पीढ़ियों से अपनी जमीन पर मकान बनाकर रह रहे हैं, लेकिन सर्वे में उनकी भूमि को शासकीय बताया गया है। ऐसे मामलों की जांच कर प्रभावित परिवारों को राहत देने की मांग की गई।मुख्यमंत्री समूह जल प्रदाय योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों की मरम्मत और योजना के कार्यों की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
गलत बिजली बिल और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की मांग
कांग्रेस ने अत्यधिक और आंकलित बिजली बिल जारी होने की शिकायतों को भी उठाया। प्रत्येक उपभोक्ता के बिल की वास्तविक मीटर रीडिंग के आधार पर जांच और गलत बिलों में तत्काल सुधार की मांग की गई।इसके अलावा क्षेत्र में कथित रूप से बढ़ रहे अवैध जुआ, सट्टा, शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने तथा चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
हर्ष यादव बोले- जनता के मुद्दों पर जारी रहेगा संघर्ष
पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि कांग्रेस किसानों और आम जनता की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने सरकार से ज्ञापन में शामिल मांगों का जल्द निराकरण करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा, जिला कांग्रेस प्रभारी राहुल शर्मा, देवरी विधानसभा प्रभारी रतनचंद्र जैन, सेवादल कांग्रेस जिला अध्यक्ष एडवोकेट बीडी पटेल, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रिचा गौड़, युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप चौधरी, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अक्षत कोठारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शिवराज सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता, किसान और आम नागरिक मौजूद रहे।कांग्रेस के इस प्रदर्शन को केसली क्षेत्र में पार्टी के बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।


