बीना में मिष्ठान प्रतिष्ठानों से मावा, बर्फी और नमकीन के नमूने लिए; खुले में रखी जलेबी-इमरती कराई नष्ट
बीना। रक्षाबंधन एवं आगामी त्योहारों को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जिले में विशेष जांच अभियान शुरू किया है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप वर्मा एवं शीतल सिंह की टीम ने बीना के सर्वोदय चौक, गांधी तिराहा सहित प्रमुख क्षेत्रों में स्थित मिष्ठान प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। टीम ने राजहंस स्वीट्स एवं शिमला स्वीट्स से मावा बर्फी, बेसन लड्डू, बर्फी और मावा के नमूने लिए।
इसके अलावा बीकानेर स्वीट्स, गांधी तिराहा से मावा एवं नमकीन तथा नटराज होटल से डोडा बर्फी, मूंग बर्फी और सेलिब्रेशन गिफ्ट पैक के नमूने जांच के लिए लिए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खुले में रखी मिठाइयों पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान राजहंस स्वीट्स पर खुले में रखी जलेबी एवं इमरती में मक्खियां पाई गईं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने अस्वच्छ खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पदार्थ ढंककर और स्वच्छ वातावरण में रखने के निर्देश दिए। लापरवाही दोबारा पाए जाने पर नियमानुसार लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
सीमित मात्रा में मिठाई बनाने के निर्देश
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी मिष्ठान विक्रेताओं को त्योहारों के दौरान मांग के अनुरूप सीमित मात्रा में मिठाइयों का निर्माण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बासी एवं गुणवत्ताहीन खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाई जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।


