सागर में 3 दिन ट्रैफिक डायवर्ट! कटरा जाने से पहले जान लें ये नियम
सागर:एमपी हिंदी न्यूज़
यदि आप 26, 27 या 28 अगस्त को सागर शहर आ रहे हैं और कटरा बाजार या आसपास के इलाकों से होकर गुजरना है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। ईद मिलादुन्नबी और रक्षाबंधन पर्व के दौरान शहर के व्यस्त कटरा क्षेत्र में भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है।
26 अगस्त को सुबह 10 से रात 10 बजे तक तथा 27 और 28 अगस्त को दोपहर 12 से रात 10 बजे तक कटरा क्षेत्र में ऑटो, आपे, इलेक्ट्रिक ऑटो, चार पहिया वाहन, मध्यम और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। भीड़ की स्थिति को देखते हुए प्रतिबंध की अवधि बढ़ाई भी जा सकती है।
इन रास्तों से कटरा में प्रवेश नहीं मिलेगा
यातायात पुलिस के अनुसार तीन मढ़िया, राधा तिराहा, राहतगढ़ बस स्टैंड, कोतवाली थाना परिसर, राहतगढ़ वन-वे और मोतीनगर चौराहा से बड़ा बाजार होते हुए प्रतिबंधित वाहनों को कटरा क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
कटरा-तीन बत्ती के बीच पार्किंग पर भी सख्ती
कटरा से तीन बत्ती तक स्थायी रूप से खड़े वाहनों को तत्काल हटाकर म्युनिसिपल स्कूल या निजी पार्किंग स्थलों में खड़ा करना होगा। निर्धारित स्थान से वाहन नहीं हटाने पर यातायात पुलिस क्रेन की मदद से उन्हें हटाएगी। इससे होने वाली संभावित क्षति की जिम्मेदारी वाहन मालिक की होगी।
दोपहिया और इमरजेंसी वाहन रहेंगे मुक्त
यह प्रतिबंध दोपहिया वाहनों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों पर लागू नहीं होगा। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस वाहनों को आवागमन की अनुमति रहेगी।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने सागर शहर के नागरिकों से अपील की है कि पर्व के दौरान निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अनावश्यक वाहन लेकर जाने से बचें। इससे ईद मिलादुन्नबी और रक्षाबंधन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।
जरूरी तारीखें: 26 अगस्त: सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक 27-28 अगस्त: दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तकमुख्य प्रतिबंधित क्षेत्र: कटरा बाजार, गुजराती बाजार, साबूलाल मार्केट, नमक मंडी, राधा तिराहा, तीन मढ़िया और घंसू मुंशी मस्जिद क्षेत्र।


