ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

, ,

“शक्कर के भाव चढ़े तो फीकी पड़ने लगी चाय से पकवान तक की मिठास, त्योहारी बजट पर बढ़ा बोझ”

मिठास पर महंगाई का पहरा: शक्कर महंगी, स्वाद अधूरा

✍️ एमपी हिंदी न्यूज़

जमाना डिजिटल हो गया, मुलाकातें ऑनलाइन होने लगीं और दोस्तों की बातचीत मोबाइल स्क्रीन तक सिमट गई, लेकिन एक चीज आज भी रिश्तों और मुलाकातों को गर्माहट देती है—कड़क अदरक वाली चाय। मगर अब चाय की इस प्याली पर भी महंगाई का असर साफ दिखाई देने लगा है। वजह है शक्कर के बढ़ते दाम।

 

स्थानीय बाजार में शक्कर का खुदरा भाव करीब 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने की बात सामने आ रही है। त्योहारी सीजन में जब घरों में मिठाइयों और पकवानों की तैयारी बढ़ती है, ऐसे समय में शक्कर के बढ़ते दाम ने आम परिवारों के बजट की चिंता बढ़ा दी है।

 

चाय की प्याली से मिठाई की दुकान तक असर

शक्कर महंगी होने का असर सिर्फ चाय तक सीमित नहीं है। जलेबी, रसगुल्ले, गुलाबजामुन और अन्य मिठाइयों की लागत पर भी इसका सीधा प्रभाव पड़ सकता है। रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए शक्कर की मांग बढ़ने की संभावना है, ऐसे में उपभोक्ताओं की नजर अब बाजार के भाव पर टिकी हुई है।

पहले मेहमान के घर आते ही सवाल होता था—“चाय कड़क बनाएँ या हल्की?”

अब महंगाई के दौर में मजाक-मजाक में लोग कहने लगे हैं—“चाय चलेगी या सिर्फ पानी से काम चलाएँ?”

 

शक्कर के बढ़ते दामों के बीच बाजार में कुछ व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर बड़े पैमाने पर स्टॉक जमा होने की शिकायतें भी सामने आने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों का दावा है कि कुछ स्थानों पर हजारों बोरियों में शक्कर का स्टॉक मौजूद हो सकता है।

हालांकि, इन दावों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि बाजार में कीमतों की बढ़ोतरी के पीछे जमाखोरी या मुनाफाखोरी है।

इसीलिए स्थानीय नागरिकों ने संबंधित खाद्य विभाग और प्रशासन से बाजार की स्थिति की जांच कराने की मांग की है।

 

स्टॉक से लेकर खरीद-बिक्री रिकॉर्ड तक जांच की मां

लोगों का कहना है कि प्रशासन को बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों के शक्कर स्टॉक की जांच के साथ-साथ खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड का भी मिलान करना चाहिए। थोक और खुदरा भाव में अंतर, उपलब्ध स्टॉक और बिक्री की स्थिति की जानकारी सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शक्कर के दाम बढ़ने के पीछे वास्तविक बाजार परिस्थितियां हैं या कहीं अनावश्यक भंडारण की भूमिका है।

अगर शिकायतों में तथ्य मिलते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई से बाजार में पारदर्शिता बढ़ सकती है। वहीं यदि स्टॉक सामान्य पाया जाता है, तो जांच से उपभोक्ताओं के बीच बनी आशंकाओं पर भी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

महंगाई का नया हिसाब—चाय में कम शक्कर, बातों में ज्यादा मिठास!

महंगाई का असर इतना जरूर है कि अब चाय की प्याली में शक्कर डालने से पहले लोग दो बार सोच रहे हैं। कोई चम्मच आधी कर रहा है तो कोई बिना शक्कर की चाय को ही ‘हेल्थ ड्रिंक’ बताकर पी रहा है।

कहने को यह मजाक है, लेकिन इसके पीछे आम परिवार की जेब पर पड़ता वास्तविक असर छिपा है। त्योहारों का मौसम सामने है और ऐसे समय में आवश्यक खाद्य वस्तुओं के दामों में अचानक बढ़ोतरी उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ाती है।

अब निगाह प्रशासन पर है—बाजार में शक्कर के बढ़ते दाम और बड़े स्टॉक की शिकायतों की जांच होगी? जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी कि मामला सामान्य बाजार भाव का है या इसके पीछे कोई और वजह।