अक्षय ऊर्जा ही भविष्य की ताकत, देवरी कॉलेज में गूंजा हरित ऊर्जा का संदेश
देवरी। एमपी हिंदी न्यूज़: भारतीय अक्षय ऊर्जा दिवस के अवसर पर शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, देवरी में भारतीय ज्ञान परम्परा प्रकोष्ठ के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश दुबे ने कहा कि देश और दुनिया ऊर्जा संक्रमण के दौर से गुजर रही है। ऐसे में सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे अक्षय ऊर्जा स्रोत ऊर्जा सुरक्षा के महत्वपूर्ण विकल्प हैं।
विषय विशेषज्ञ प्रो. संतोष मिश्रा ने विद्यार्थियों को भारतीय वैदिक परंपरा में प्रकृति संरक्षण के महत्व से अवगत कराया। वहीं इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. जी.आर. चौहान ने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना भी शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान अक्षय ऊर्जा के उत्पादन और संरक्षण पर आधारित लघु चलचित्र दिखाया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने ऊर्जा संरक्षण की शपथ ली और अक्षय ऊर्जा विषय पर निबंध प्रतियोगिता में भाग लिया।
प्रतियोगिता में दीक्षा काछी ने प्रथम, आशी राजपूत ने द्वितीय और दीपक रैकवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी शिवलाल अहिरवार ने किया, जबकि आभार डॉ. रिजवान खान ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर डाॅ. अभिषेक गोयल, डाॅ. मनीषा पाण्डे, डाॅ. राजेन्द्र नागेश, डाॅ. आनंद भट्ट, राजेश गिरवाल, चंदन सिंह अहिरवार, प्रेमनारायण साहू सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।


