‘हर घर तिरंगा’ अभियान में कॉलेज विद्यार्थियों ने निकाली साइकिल रैली, देशभक्ति के संदेश से गूंजा शहर
देवरी। आजादी के जश्न और तिरंगे के सम्मान का संदेश लेकर देवरी में कॉलेज के विद्यार्थी साइकिलों पर निकले। शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ और राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में साइकिल रैली एवं पोस्टर निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश दुबे के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। रैली का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. जी.आर. चौहान ने किया।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना है, ताकि तिरंगे के साथ हर नागरिक का व्यक्तिगत जुड़ाव और मजबूत हो।
साइकिल रैली में दिखा देशभक्ति का जोश
कार्यक्रम प्रभारी शिवलाल अहिरवार ने कहा कि रैली का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं में देशभक्ति की भावना को जागृत करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश देना है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पोस्टर निर्माण में भी हिस्सा लिया और देशभक्ति से जुड़े संदेशों के जरिए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश लोगों तक पहुंचाया।कार्यक्रम में वंदना साहू, डॉ. अभिषेक गोयल, डॉ. प्रभात सिंह ठाकुर, डॉ. शिवेन्द्र पाठक, डॉ. रिजवान खान, डॉ. राजेन्द्र नागेश, डॉ. नीरज कुमार मिश्रा, डॉ. प्रीति जैन, डॉ. मनीषा पाण्डे, डॉ. भूपेन्द्र सिंह, राजेश गिरवाल, ज्योति तिवारी सहित NCC, NSS कैडेट्स एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।


